नीमच। केंद्र सरकार द्वारा 24 अक्टूबर को जारी अफीम नीति 2026-27 का नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और क्षेत्रीय सांसदों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से किसान इस नीति का इंतजार कर रहे थे।
विधायक परिहार ने बताया कि नीति के तहत निर्धारित पात्रता और मार्फिन औसत के आधार पर पात्र किसानों को 10 आरी के लांसिंग पट्टे तथा निर्धारित शर्तों के अनुसार पांच आरी के सीपीएस पट्टे दिए जाने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों को अफीम की खेती करने और अपनी आजीविका में सहयोग मिलने की उम्मीद है। उन्होंने किसानों से राजपत्र में जारी नियमों और शर्तों का पालन करने की अपील भी की।
नीति को लेकर कांग्रेस नेता श्यामलाल जोकचंद की आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए परिहार ने कहा कि यह किसानों के हित में है। उनके अनुसार, नीति से करीब 10,500 अतिरिक्त किसानों को लाभ मिलने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अफीम का उपयोग जीवनरक्षक दवाइयां बनाने में होता है और किसानों को निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के तहत ही इसका उत्पादन एवं विक्रय करना चाहिए।