देवास। जिले के ग्राम चंदाना और बिजाना में पिछले एक महीने के दौरान हुई संदिग्ध मौतों का मामला तूल पकड़ने लगा है। शनिवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
परिजनों के मुताबिक, शराब पीने के बाद कुछ लोगों को आंखों से धुंधला दिखाई देने, रोशनी चले जाने, उल्टी और घबराहट जैसी शिकायतें हुई थीं। इसके बाद कई लोगों की अस्पताल ले जाते समय या अस्पताल में मौत हो गई। ग्रामीणों ने गांव में डायरी सिस्टम से शराब बेचे जाने का आरोप लगाते हुए मौतों के पीछे शराब को कारण बताया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी और अरुण यादव कलेक्टर कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रभारी कलेक्टर दलीप कुमार और अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी से चर्चा की। कांग्रेस ने प्रशासन पर समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया।
वहीं, प्रभारी कलेक्टर के अनुसार, दोनों गांवों में करीब 10 लोगों की मौत हुई है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। तीन मृतकों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना बाकी है। प्रशासन का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल शराब से मौतों की पुष्टि नहीं हुई है।