नीमच। शहर के ग्वालटोली क्षेत्र में उमापति महादेव मंदिर के पीछे नगरपालिका की जमीन पर अवैध रेत भंडारण का मामला एक बार फिर सामने आया है। खनिज विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर करीब 8 से 10 ट्रैक्टर-ट्रॉली के बराबर रेत जब्त की, जिसकी कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।
खास बात यह है कि संबंधित स्थान पर पहले भी अवैध रेत भंडारण पकड़ा जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा रेत जमा किए जाने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। खनिज विभाग ने शहर के अन्य स्थानों पर भी अवैध रेत भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की।
खनिज अधिकारी जगन सिंह भिंडे के अनुसार, बिना अनुमति रेत का भंडारण पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान रेत कारोबारियों और विभागीय टीम के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। इस दौरान जेसीबी के कांच फोड़ने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।
खनिज विभाग की कार्रवाई से रेत कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं, एक ही स्थान पर बार-बार अवैध भंडारण मिलने के बाद सवाल उठ रहा है कि पिछली कार्रवाई के बावजूद ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक क्यों नहीं लग पा रही है।