नीमच। कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने और बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में सुधार नहीं करने पर नीमच के वार्ड क्रमांक 31 की शहरी आशा कार्यकर्ता वनमाला फरक्या की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह कार्रवाई विभागीय निर्देशों की लगातार अवहेलना के मामले में की गई है।
जानकारी के अनुसार, संबंधित आशा कार्यकर्ता को पिछले कई वर्षों से कार्य में सुधार लाने, निर्धारित सूचनाएं समय पर प्रस्तुत करने और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए जा रहे थे। इसके बावजूद कार्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने और निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की बात सामने आई।
इस मामले में शहरी क्षेत्र के नोडल अधिकारी द्वारा प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके आधार पर प्रकरण कार्यालय स्तर पर कार्रवाई के लिए आगे बढ़ाया गया और आशा चयन संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला स्वास्थ्य समिति के समक्ष रखा गया।
जिला स्वास्थ्य समिति ने प्रकरण पर विचार करने के बाद सेवा समाप्ति को अनुमोदन प्रदान किया। इसके पश्चात सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत वनमाला फरक्या को तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि अब संबंधित कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़ा कोई कार्य नहीं करेंगी तथा भविष्य में उन्हें प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी नहीं किया जाएगा।