नीमच। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय प्रक्रियाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत युवा संसद 2027’ के आठवें संस्करण के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। मेरा युवा भारत (माय भारत), भोपाल द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक पात्र युवा 30 अक्टूबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट mybharat.gov.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के जिला स्तरीय चरण में प्रतिभागियों को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर हिंदी, अंग्रेजी अथवा किसी आधिकारिक क्षेत्रीय भाषा में तीन मिनट का भाषण देना होगा। निर्णायक मंडल द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर नीमच जिले से तीन प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
18 से 25 वर्ष के युवा ले सकेंगे भाग-
प्रतियोगिता में 17 अगस्त 2026 की स्थिति में 18 से 25 वर्ष की आयु के युवा भाग लेने के पात्र होंगे। इसमें विद्यार्थी और गैर-विद्यार्थी, ग्रामीण युवा, महिलाएं तथा वंचित वर्गों के युवा भी हिस्सा ले सकते हैं। हालांकि, युवा संसद के पिछले संस्करणों के राष्ट्रीय दौर के फाइनलिस्ट इस प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 31 अक्टूबर से 10 नवंबर 2026 तक देश के 786 जिलों में आयोजित की जाएंगी। प्रतिभागियों का मूल्यांकन 100 अंकों के आधार पर होगा। इसमें भाषण की प्रस्तुति, विषय की प्रासंगिकता, रचनात्मकता, स्पष्टता, भाषा-प्रवाह और निर्धारित समय-सीमा का पालन जैसे प्रमुख मानदंड शामिल रहेंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर मिलेगा संसदीय मंच-
राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 17 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक संबंधित विधानसभाओं में आयोजित होंगी। प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश से तीन प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय दौर के लिए किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 9 और 10 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में आयोजित होगी। इसमें चयनित 108 युवा संसदीय गतिविधियों में भाग लेंगे। इसके बाद 11 और 12 जनवरी को प्रतिभागियों को ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ में नीति-निर्माताओं से संवाद करने का अवसर मिलेगा।
कार्यालय जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, नीमच ने जिले के महाविद्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों और युवा मंडलों से अपील की है कि वे पात्र युवाओं को इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें, ताकि जिले के युवा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व कर सकें।