नीमच। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्था, सावन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद वितरण व्यवस्था, किसान क्रेडिट कार्ड, ऋण वितरण एवं वसूली सहित संस्था की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की। कलेक्टर ने उर्वरक गोदाम में उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसके व्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से दिए जा रहे ऋण, ऋण वितरण और वसूली की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दुग्ध उत्पादन एवं पशुपालन गतिविधियों से जुड़े किसानों को दिए जा रहे ऋण की भी समीक्षा की। साथ ही नैनो यूरिया, नैनो डीएपी सहित अन्य उर्वरकों के वितरण की स्थिति का जायजा लिया।
कलेक्टर ने एग्री स्टैक और ई-विकास पोर्टल के माध्यम से किसानों को खाद वितरण की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सहकारी संस्था के कंप्यूटरीकरण की प्रगति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उचित मूल्य की दुकान पर खाद्यान्न की गुणवत्ता जांची-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने सहकारी संस्था द्वारा संचालित उचित मूल्य की दुकान, सावन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराए जा रहे गेहूं और चावल की गुणवत्ता की जांच की तथा खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पीओएस मशीन की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों और संस्था के कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरकों का वितरण नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से किया जाए। खाद के स्टॉक का नियमित मिलान करने के साथ ही उसका उचित संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपलब्धता और वितरण का रिकॉर्ड व्यवस्थित रहे। उन्होंने उचित मूल्य की दुकान पर पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेस, नीमच एसडीएम पराग जैन, जिला नोडल अधिकारी सहकारी बैंक राम प्रसाद नागदा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।