नीमच। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और विद्यालयीन वाहनों में यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने शनिवार को संदीपनी स्कूल, नीमच में स्कूली वाहनों की जांच की। पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस अधीक्षक नीमच के निर्देशानुसार यातायात थाना प्रभारी और उनकी टीम ने विद्यालय पहुंचकर वाहनों की सुरक्षा व्यवस्थाओं और जरूरी दस्तावेजों का निरीक्षण किया।
इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य महेश शर्मा, मोटर ट्रांसपोर्ट अधिकारी और विद्यालय प्रबंधन के अन्य सदस्यों की मौजूदगी में वाहनों की फिटनेस, टैक्स, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी), परमिट और फर्स्ट एड बॉक्स की जांच की गई। इसके साथ ही स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे तथा आपातकालीन खिड़कियों की कार्यशीलता भी परखी गई। पुलिस टीम ने वाहन चालकों और परिचालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक दस्तावेजों की जांच की।
चालकों की आंखों की जांच और चरित्र सत्यापन कराने के निर्देश-
निरीक्षण के दौरान यातायात पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन को वाहन चालकों की चिकित्सक से आंखों की जांच कराने और पुलिस के माध्यम से उनका चरित्र सत्यापन करवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली वाहनों के दस्तावेजों में संभावित कमियों के बारे में जानकारी देकर उन्हें समय रहते दूर करने के लिए कहा गया।
सड़क सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी-
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों, परिचालकों, विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित राहवीर योजना, प्रधानमंत्री राहत कैशलेस ट्रीटमेंट योजना तथा हिट एंड रन योजना के उद्देश्यों, प्रक्रिया और लाभों की जानकारी दी। इन योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों तक इनकी जानकारी पहुंचाने की अपील भी की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन और वाहन संचालकों को यातायात नियमों तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना आवश्यक है।