गरोठ। गरोठ तहसील के ग्राम पिपलिया जत्ती में 108 एम्बुलेंस की टीम की तत्परता से एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही एम्बुलेंस में नन्ही किलकारी गूंज उठी। महिला ने एक स्वस्थ बालिका को जन्म दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपलिया जत्ती निवासी 23 वर्षीय मनीषा पति अर्जुन को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने 108 पर कॉल किया। सूचना मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शामगढ़ की ALS एम्बुलेंस गांव पहुंची और महिला को लेकर गरोठ के लिए रवाना हुई।
इसी दौरान गांव के बाहर महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन मुकेश दांगी और पायलट विजय मालवीय ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया।
प्रसव के बाद मां और नवजात बालिका को सिविल हॉस्पिटल गरोठ पहुंचाकर भर्ती कराया गया। दोनों पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
महिला और उसके परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम की तत्परता और सेवाभाव की सराहना की।