नीमच। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और विद्यालयीन वाहनों में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से नीमच यातायात पुलिस द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं पुलिस अधीक्षक नीमच के निर्देशानुसार थाना प्रभारी यातायात और उनकी टीम ने संदीपनी स्कूल पहुंचकर विद्यालयीन वाहनों की जांच की।
इस दौरान विद्यालय के प्राचार्य महेश शर्मा, मोटर ट्रांसपोर्ट ऑफिसर एवं अन्य विद्यालय प्रबंधन की मौजूदगी में स्कूल वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र, टैक्स, पीयूसी, परमिट, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरे और आपातकालीन खिड़कियों की क्रियाशीलता की जांच की गई। साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों के लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी देखे गए।
ड्राइवरों की आंखों की जांच और चरित्र सत्यापन पर जोर
यातायात पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि स्कूली वाहन चालकों की आंखों की जांच चिकित्सक से कराई जाए। इसके अलावा चालकों का पुलिस चरित्र सत्यापन सुनिश्चित करने और वाहनों से संबंधित दस्तावेजों में भविष्य में किसी प्रकार की कमी न रहने देने के संबंध में भी आवश्यक जानकारी दी गई।
राहवीर और कैशलेस उपचार योजनाओं की दी जानकारी
अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालक-परिचालकों, विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों को शासन द्वारा संचालित राहवीर योजना, पीएम राहत कैशलेस ट्रीटमेंट योजना एवं हिट एंड रन योजना के उद्देश्य, प्रक्रिया और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही इन योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया, ताकि सड़क दुर्घटना की स्थिति में जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता और योजनाओं का लाभ मिल सके।
यातायात पुलिस ने विद्यालय प्रबंधन को स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा के लिए वाहनों की नियमित जांच और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।