नीमच। आगामी त्योहारों के मद्देनजर नीमच पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कॉम्बिंग गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया। रात 11 बजे शहर में पुलिस की सक्रियता नजर आई। फव्वारा चौक पर पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के नेतृत्व में पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। इस दौरान होटलों में ठहरे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ सड़कों से गुजरने वाले वाहनों की भी जांच की गई।
अभियान के दौरान सीएसपी किरण चौहान, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, पुलिस बल और यातायात अमला मौजूद रहा। पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के उद्देश्य से जांच-पड़ताल की।
होटलों के कमरों से लेकर सड़कों तक जांच-
पुलिस टीम ने होटल अमृत में कमरों की जांच कर वहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई। इसके साथ ही सड़कों पर गुजरने वाले वाहनों की सघन चेकिंग की गई। चारपहिया वाहनों में काली फिल्म, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने वालों और बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई।
त्योहारों को देखते हुए नियमित अभियान-
सीएसपी किरण चौहान ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ होटलों में ठहरे लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके और शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था कायम रहे।