बड़वानी। पुलिस की रात्रि गश्त टीम ने सूझबूझ से आग लगने की एक घटना को रोका। कचहरी रोड पर एक कार में लगी आग अगर समय पर नहीं बुझाई जाती, तो वहां खड़ी 4 से 5 गाड़ियां जल सकती थीं। यह घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की है। कचहरी रोड पर वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषोत्तम मुकाती के घर के बाहर खड़ी एक कार के टायर में अचानक आग लग गई। रात्रि गश्त पर निकली पुलिस की चार्ली टीम में शामिल आरक्षक महेश और खड़क सिंह ने आग की लपटें देखीं। वे तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। पुलिस की इस कार्रवाई से मुकाती की कार और पास खड़ी अन्य 4 गाड़ियां भी जलने से बच गईं। अधिवक्ता पुरुषोत्तम मुकाती ने पुलिस जवानों का धन्यवाद किया और उन्हें 11 हजार रुपये का नगद इनाम व सम्मान पत्र देने की घोषणा की है।