उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रशासन लगातार प्रगति की समीक्षा और स्थल निरीक्षण कर रहा है। इसी क्रम में शनिवार को संभागायुक्त एवं सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह तथा कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने नगर निगम द्वारा कराए जा रहे एमआर-4 और एसआर-1 सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त आशीष सिंह ने नगर निगम के इंजीनियरों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिंहस्थ-2028 को ध्यान में रखते हुए सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में टीमें तैनात कर कार्य की गति बढ़ाई जाए, ताकि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे हो सकें। किसी भी कारण से निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए।
संभागायुक्त आशीष सिंह और कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने सबसे पहले ढांचा भवन से एमआर-5 तक किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य के दौरान आमजन को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के लिए पर्याप्त संख्या में स्पष्ट साइनेज लगाए जाएं, ताकि नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद अधिकारियों ने नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन 30 मीटर चौड़ी एसआर-1 सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्य की प्रगति, अब तक पूरे किए गए कार्यों, आगामी कार्ययोजना और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।
संभागायुक्त सिंह ने एसआर-1 सड़क निर्माण कार्य में अलग-अलग टीमें लगाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने संबंधित निर्माण विभागों के इंजीनियरों को निर्देशित किया कि वे अनिवार्य रूप से कार्यस्थल पर उपस्थित रहें और निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति पर लगातार निगरानी रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर मेला अधिकारी ओमप्रकाश सनोडिया, एसडीएम एल.एन. गर्ग, नगर निगम के अधिकारी एवं इंजीनियर तथा संबंधित निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।