इंदौर। मध्यप्रदेश में भारतीय नस्ल की उन्नत गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना आयोजित की जा रही है। वृंदावन ग्राम योजना के तहत इंदौर जिले के चार गांवों में 27 से 31 अक्टूबर तक प्रतियोगिता होगी। इसमें सबसे ज्यादा दूध देने वाली गायों के पालकों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार मिलेगा।
पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग के उप संचालक डॉ. दिनकर राव पाटील के अनुसार, जिले के रंगवासा, दतोदा, शिवनी और बनेड़िया गांवों में योजना के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गांवों के पात्र पशुपालकों का पंजीयन किया जाएगा और गायों के दुग्ध उत्पादन के आधार पर विजेताओं का चयन होगा।
हर गांव में मिलेंगे तीन पुरस्कार
योजना के तहत प्रत्येक चयनित गांव में तीन पशुपालकों को पुरस्कार दिया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रुपये दिए जाएंगे।
प्रतिदिन 6 लीटर दूध देने वाली गाय ही होगी पात्र
प्रतियोगिता में वही पशुपालक शामिल हो सकेंगे, जिनके पास भारतीय नस्ल की उन्नत गाय हो और जो प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देती हो। योजना का उद्देश्य बेहतर नस्ल की गायों के पालन को प्रोत्साहित करना और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना है।
पात्रता, पंजीयन और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी के लिए पशुपालक संबंधित ग्राम या पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क कर सकते हैं। इस योजना से पशुपालकों को बेहतर दुग्ध उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।