नीमच। अफीम नीति 2026-27 जारी होने के बाद डीएनसी निखिल गांधी ने नीति और किसानों की पात्रता को लेकर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार करीब 35 हजार किसानों को लुनी-चिरनी और 30 हजार किसानों को सीपीएस पद्धति के तहत पट्टे मिलने हैं। पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 10 हजार नए किसान पात्र बनेंगे।
उन्होंने कहा कि नीति जारी होने से किसानों को राहत मिली है और वे अब बुवाई की तैयारी कर सकते हैं। पात्रता सूची रविवार या सोमवार शाम तक जारी होने की संभावना है। यदि किसी किसान का नाम सूची में नहीं आता है, तो वह वैध दस्तावेजों के साथ संबंधित जिला अधिकारी या नारकोटिक्स उपायुकत कार्यालय में संपर्क कर सकता है। उन्होंने किसानों से दलालों के झांसे में नहीं आने की अपील भी की।
मार्फिन पात्रता पर जानकारी देते हुए डीएनसी ने बताया कि इस बार न्यूनतम मार्फिन पात्रता 4.4 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के अधिकांश किसान 5.5 से अधिक मार्फिन स्तर की उपज देते आए हैं। वर्ष 2022-23 में यूपीएस नीति पहली बार लागू हुई थी और वर्तमान नीति भी इसी व्यवस्था को ध्यान में रखकर बनाई गई है। किसानों को पांच साल के लिए पट्टे दिए जा रहे हैं, निखिल गांधी के अनुसार, आगामी दो दिनों में अफीम पट्टे जारी करने की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है।