खरगोन। टीवी के लोकप्रिय कॉमेडी शो तारक मेहता का उल्टा चश्मा में गोली का किरदार निभाने वाले मशहूर अभिनेता कुश शाह शनिवार को शहर पहुंचे हैं। शाह यहां नवरत्न यादव द्वारा आयोजित दशहरा मिलन समारोह में बतौर अतिथि शामिल हुए। कुश को अपने बीच देखकर दशहरा मिलन समारोह में पहुंचे शहरवासी खासकर बच्चे काफी उत्साहित दिखाई दिए। कुछ बच्चों ने उन्हें पहचान लिया और गोली.गोली कहकर चीयर किया। कुश ने आयोजन के दौरान यहां आयोजित लक्की ड्रा भी निकाला। अभिनेता ने समारोह में उपस्थित लोगों से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।
दशहरा मिलन से पूर्व उन्होंने पत्रकारों से भी मुलाकात की। उन्होंने अपने अभिनय के अनुभव साझा किए और बताया कि दर्शकों का प्यार ही उनकी प्रेरणा है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने खरगोन शहर की सुंदरता और यहां के लोगों के आतिथ्य सत्कार की सराहना की। 16 साल तक दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद शो को अलविदा कह चुके कुश शाह ने पत्रकारवार्ता में जल्द ही अभिनेता के तौर पर नई पारी की शुरुआत करने की घोषणा भी की।
हालांकि क्या करेंगे, यह फिलहाल सीक्रेट रखा है। उन्होंने कहा कि उनके प्रशंसक जानते है कि में खाने का शौकिन हूं। मुझे मध्य प्रदेश यात्रा के दौरान यहां के खान.पान और लोगों से मिलने वाला प्यार बेहद पसंद है। विशेष रूप से इंदौर का प्रसिद्ध पोहा और चटपटी कचोरी बेहद पसंद है। आज भी जब इंदौर पहुंचा तो पहले पोहा ही खाया। उल्लेखनीय है कि तारक मेहता का उल्टा चश्मा छोडऩे के बाद कुश शाह एक्टिंग से अलग डिजिटल दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं।