नीमच। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में 24 और 25 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात नीमच जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़, आदतन अपराधियों की जांच, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन कार्रवाई की गई।
अभियान में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों सहित पुलिस बल ने भाग लिया। पुलिस टीमों ने चिन्हित स्थानों पर वाहन चेकिंग की, होटल, लॉज और ढाबों की जांच की तथा निगरानी बदमाशों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्वयं कॉम्बिंग गश्त के दौरान वाहन चेकिंग स्थलों और होटलों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस थाना कुकड़ेश्वर का औचक निरीक्षण भी किया।
97 वारंट तामील, फरार आरोपियों पर कार्रवाई-
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने कुल 97 वारंट तामील किए। इनमें 37 स्थायी वारंट, एक फरारी वारंट और 59 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। तामील किए गए वारंटों में मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित दो, शरीर संबंधी अपराधों के 36 और संपत्ति संबंधी अपराधों के 28 वारंट शामिल हैं। इस कार्रवाई के माध्यम से लंबे समय से फरार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
300 से अधिक वाहनों की जांच, 128 चालान-
यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिले में 12 चिन्हित स्थानों पर संयुक्त वाहन चेकिंग पॉइंट बनाए गए। पुलिस टीमों ने 300 से अधिक वाहनों की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले 128 वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करते हुए ₹57,400 समन शुल्क वसूला गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत भी वैधानिक कार्रवाई की गई।
54 लीटर अवैध शराब जब्त, 11 प्रकरण दर्ज-
अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 11 प्रकरण दर्ज किए गए। इन मामलों में करीब ₹5,400 मूल्य की 54 लीटर अवैध देशी एवं कच्ची शराब जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, सट्टा अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज कर ₹400 की नकद राशि बरामद की गई।
94 निगरानी बदमाशों की जांच-
अपराधों की रोकथाम और आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से पुलिस ने जिले के 94 सक्रिय निगरानी एवं गुंडा-बदमाशों की जांच की। इस दौरान उनके वर्तमान निवास, उपस्थिति और आजीविका के स्रोतों से संबंधित जानकारी जुटाई गई।
44 होटल, लॉज और ढाबों की जांच-
संदिग्ध एवं असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जिले के 44 होटल, लॉज और ढाबों की सघन जांच की गई। पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने प्रतिष्ठानों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
122 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई-
शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित विवादों की रोकथाम के उद्देश्य से 122 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थलों, एटीएम और अन्य प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक सतर्कता बरती गई।
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा-
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने कहा कि नीमच पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। फरार आरोपियों, वारंटियों, आदतन अपराधियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान चलाए जाएंगे।