तराना। नगर के भेरूबावड़ी स्थित सद्गुरु नाना महाराज तराणेकर गुरु मंदिर प्रांगण में शरद पूर्णिमा महोत्सव हर्षाेल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर भक्ति, श्रद्धा और संगीत की सुरमयी धुनों से गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ सद्गुरु नाना महाराज के पूजन-अर्चन के साथ किया गया।
महोत्सव के दौरान पंडित पंकज दुबे एवं पंडित यश तिवारी ने अपनी सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियों से देर रात तक श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर रखा। वहीं प्रतीक भारद्वाज ने ढोलक की थाप से भजन संध्या में विशेष रंग जमाया। महिला भजन मंडली ने भी अपनी मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भजनों की स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को दूध महाप्रसादी का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में नाना महाराज के सभी भक्तों का सराहनीय योगदान रहा। शरद पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर गुरु मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला।