चित्तौड़गढ़। लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के उद्देश्य से राजकीय कन्या महाविद्यालय, चित्तौड़गढ़ में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. मंजू के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता समिति और आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) ने संयुक्त रूप से भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
जिला स्वीप अधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक के नेतृत्व में आयोजित गतिविधियों के अंतर्गत महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गौतम कुमार कूकड़ा ने छात्राओं और संकाय सदस्यों को मतदाता शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार होने के साथ ही प्रत्येक जागरूक नागरिक की यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. सी.एल. महावर ने कहा कि महाविद्यालयों में इस प्रकार के आयोजन युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी समझ विकसित करने में सहायक होते हैं।
मतदाता सहायता डेस्क पर 50 से अधिक विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन-
जिला उप निर्वाचन अधिकारी दिनेश धाकड़ के निर्देशानुसार महाविद्यालय परिसर में मतदाता सहायता डेस्क स्थापित की गई। इसके माध्यम से नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और ईसीआईनेट (ECINET) ऐप के जरिए पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
सहायता डेस्क पर कैंपस एम्बेसडर्स और छात्राओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस दौरान 50 से अधिक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया गया और उनकी समस्याओं का समाधान किया गया। वहीं, 20 छात्राओं के मतदाता पहचान पत्र के लिए ऐप के माध्यम से आवेदन करवाए गए।
मतदाता जागरूकता समिति की प्रभारी जयश्री कुदाल ने बताया कि सहायता डेस्क का उद्देश्य पात्र युवाओं के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाना और अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ना है।
जिला स्वीप टीम ने भी निभाई सहभागिता-
कार्यक्रम में जिला स्वीप सहायक प्रभारी भरत कुमार लढ्ढा सहित जिला स्वीप टीम के सदस्य नारायण शर्मा, विनीता काबरा, अलका कोठारी और पंकज कांकरा उपस्थित रहे। सहायता डेस्क के संचालन में कैंपस एम्बेसडर्स करीना शुक्ला, नाजिया खान, हुमेरा अंसारी और पायल प्रजापत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर डॉ. लोकेश जसोरिया, डॉ. ज्योति कुमारी, डॉ. अंजू चौहान, शंकर मीना, अंजली शर्मा, डॉ. गोपाल लाल जाट, दिव्या चारण, लक्ष्मी पारीक, भावना राठौड़ और डॉ. नमन खण्डेलवाल सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।