छतरपुर/खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो के लिए 25 अक्टूबर का दिन ऐतिहासिक सौगात लेकर आया। बुंदेलखंड की हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करते हुए एयर इंडिया की दिल्ली-खजुराहो-वाराणसी उड़ान सेवा शुरू हो गई है। इस नई सेवा से खजुराहो आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों के साथ क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नई हवाई सेवा के शुभारंभ अवसर पर खजुराहो एयरपोर्ट पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खजुराहो सांसद वीडी शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक अरविंद पटेरिया की भी मौजूदगी रही।
पर्यटन और व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार
विश्व धरोहर के रूप में पहचान रखने वाले खजुराहो के ऐतिहासिक मंदिरों को देखने हर साल बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक पहुंचते हैं। दिल्ली और वाराणसी जैसे प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक केंद्रों से हवाई संपर्क मजबूत होने से पर्यटकों की यात्रा अब और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
इस हवाई सेवा का लाभ खजुराहो के साथ छतरपुर और बुंदेलखंड के आसपास के जिलों को भी मिल सकता है। स्थानीय होटल व्यवसाय, पर्यटन उद्योग, ट्रैवल एजेंसियों और व्यापारियों के लिए भी रोजगार एवं कारोबार की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद जताई जा रही है।
दिल्ली-खजुराहो-वाराणसी उड़ान सेवा की शुरुआत को बुंदेलखंड में पर्यटन विकास और बेहतर हवाई संपर्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।