इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर एयरपोर्ट पर देश की पूर्व लोकसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सुमित्रा महाजन की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। अहिल्या स्मारक को लेकर चर्चा करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचीं ताई सुमित्रा महाजन के पास अचानक एक अनजान व्यक्ति पहुंच गया। व्यक्ति के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है जो पहले राजनीतिक बातें करने लगा और फिर इधर-उधर की बातें करने लगा। इस दौरान सुमित्रा महाजन दो बार असहज महसूस हुईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ताई के पर्सनल असिस्टेंट राजेश मिश्रा ने तुरंत CISF को इसकी सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षाकर्मी उस व्यक्ति को अपने साथ ले गए। हालांकि इस पूरी घटना के बाद बड़ी लापरवाही यह सामने आई कि सुरक्षाकर्मियों ने उस व्यक्ति की बिना पहचान दर्ज किए ही उसे जाने दिया। इस बात से सुमित्रा महाजन ने कड़ी नाराजगी जताई है और एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।