देवास। जिले के उदयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दड़ के समीप रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों की जिंदगी छीन ली। बेकाबू कार ने पहले सड़क पर जा रही दो महिलाओं को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद घर के बाहर कुर्सी पर बैठे 80 वर्षीय बुजुर्ग को कुचलते हुए पेड़ से जा टकराई। इस दर्दनाक हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान शंकर पिता मोहन (80 वर्ष), मनीबाई पति घनश्याम (40 वर्ष) और जमुनाबाई पति सोहन (45 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों देवनालिया-जूनापानी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पिकनिक मनाने आए लोगों की कार से हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौर के रेसकोर्स रोड क्षेत्र से कुछ लोग पिकनिक मनाने आए थे। उनकी कार ग्राम दड़ के पास से गुजर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने सड़क पर जा रही दो महिलाओं को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार इसके बाद भी नहीं रुकी और घर के बाहर कुर्सी पर बैठे बुजुर्ग शंकर को टक्कर मारते हुए पेड़ से जा भिड़ी।
चालक पुलिस की गिरफ्त में, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही उदयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले सड़क हादसों और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।