खरगोन। वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और AICC प्रभारी मोहम्मद आरिफ खान तथा मध्य प्रदेश की सह प्रभारी उषा नायडू खरगोन पहुंचे। यहां उन्होंने खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली महारैली की तैयारियों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। पार्टी का उद्देश्य वोट चोरी और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के सामने अपना विरोध दर्ज कराना है।
‘राहुल गांधी को भाजपा के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं’
बैठक के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद आरिफ खान ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। भाजपा नेताओं द्वारा राहुल गांधी की ‘रीलॉन्चिंग’ को लेकर दिए जा रहे बयानों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को भाजपा से किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
आरिफ खान ने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि राहुल गांधी पर टिप्पणी करने के बजाय भाजपा को वोट चोरी और SIR जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग की प्रवक्ता बन चुकी है।
मध्य प्रदेश में 42 लाख वोट काटे जाने का दावा
कांग्रेस नेता आरिफ खान ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में ही 42 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस इन मामलों को जनता के बीच लेकर जाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिक भी शामिल होंगे।
महारैली के लिए कार्यकर्ताओं को जुटाने की कवायद
खरगोन में आयोजित बैठक को दिल्ली महारैली की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस नेतृत्व क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के जरिए अधिक से अधिक लोगों को जुटाने की रणनीति पर काम कर रहा है।
वहीं, वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है।