खरगोन। जिले के ग्राम सिनखेड़ा से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक निजी ज्ञानदीप स्कूल के अधेड़ उम्र के प्राचार्य चंपालाल मंडलोई द्वारा 5 वर्षीय मासूम छात्रा के साथ छेड़खानी करने का गंभीर आरोप लगा है। बच्ची की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत टांडा बरुड़ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी प्राचार्य चंपालाल मंडलोई के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिनखेड़ा स्थित ज्ञानदीप स्कूल में पढ़ने वाली 5 वर्षीय मासूम रोजाना की तरह स्कूल गई थी। छुट्टी के बाद जब वह घर देर से लौटी, तो वह बेहद डरी और सहमी हुई थी। बच्ची को रोता और घबराया देख परिजनों ने जब प्यार से उससे कारण पूछा, तो उसने स्कूल के अधेड़ प्राचार्य चंपालाल मंडलोई की करतूत के बारे में बताया। बच्ची ने रोते हुए परिजनों को जानकारी दी कि प्राचार्य ने अकेले पाकर उसके साथ गलत नीयत से छेड़खानी की।मासूम की बात सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीण तत्काल टांडा बरुड़ थाने पहुंचे और आरोपी प्राचार्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयानों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्राचार्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा बाल कल्याण समिति एवं महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नियमानुसार अग्रिम कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
थाना प्रभारी अंतिम पंवार ने बताया कि बच्चों के विरुद्ध होनेऊ वाले किसी भी प्रकार के अपराध को लेकर पुलिस पूरी तरह सख्त है। मामले में विधि सम्मत सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
गांव के स्कूल में हुई इस घिनौनी वारदात के बाद से सिनखेड़ा और आसपास के क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल है। पालकों का कहना है कि जहां माता-पिता अपने बच्चों को सुरक्षित भविष्य की उम्मीद में स्कूल भेजते हैं, वहीं यदि जिम्मेदार पद पर बैठे लोग ही ऐसी हरकत करेंगे, तो समाज में क्या संदेश जाएगा। ग्रामीणों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।