मंदसौर। मंदसौर में सोमवार को रेलवे का OHE निरीक्षण यान शेड से बाहर निकलते ही पटरी से उतर गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हादसे के बाद रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवान मौके पर पहुंचे। यान को दोबारा पटरी पर लाने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मंदसौर रेलवे स्टेशन से करीब 200 मीटर दूर स्थित शेड में OHE निरीक्षण यान खड़ा था। सोमवार को इसे शेड से निकालकर मंदसौर स्टेशन होते हुए रतलाम की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान शेड से करीब 20 मीटर दूर यान के दो पहिए पटरी से नीचे उतर गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी-
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी और RPF की टीम मौके पर पहुंच गई। यान को वापस पटरी पर लाने और स्थिति को सामान्य करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद अधिकारियों से घटना के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
घटना की आधिकारिक जानकारी के लिए रतलाम मंडल के DRM अश्विनी कुमार से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
क्या होता है OHE निरीक्षण यान?
OHE निरीक्षण यान का उपयोग रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (बिजली के तारों) की जांच और रखरखाव के लिए किया जाता है। इसे निरीक्षण कार भी कहा जाता है। इसके माध्यम से रेलवे की विद्युत लाइनों की स्थिति का निरीक्षण किया जाता है।