भोपाल। एसआईआर और कथित वोट चोरी के विरोध में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-देश बचाओ जन मार्च और महारैली’ के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और विधानसभा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में वे जिलेवार दिल्ली जाने वाले लोगों की संख्या के साथ परिवहन और आरक्षण की तैयारियों का हिसाब ले रहे हैं।
कांग्रेस ने मध्यप्रदेश से एक लाख लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समीक्षा के दौरान पटवारी यह जानकारी ले रहे हैं कि किस जिले से कितनी बसें और चार पहिया वाहन बुक किए जा चुके हैं, रेलवे में कितने आरक्षण हुए हैं और दिल्ली जाने वाले लोगों की कितनी सूची तैयार हो गई है। पार्टी का जोर लक्ष्य के मुताबिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ यात्रा की व्यवस्था समय पर पूरी करने पर है।
ग्वालियर-चंबल के नेताओं को दो-दो हजार लोगों का लक्ष्य
ग्वालियर-चंबल संभाग के जिला अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों, विधानसभा प्रभारियों और जिला प्रभारियों को दो-दो हजार लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य दिया गया है।
प्रदेश के अन्य जिलों में पदाधिकारियों को एक-एक हजार लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। समीक्षा बैठकों में इन लक्ष्यों के मुकाबले अब तक हुई तैयारियों की जानकारी ली जा रही है।