खरगोन। जिले के ऊन थाना क्षेत्र के ग्राम पनवाड़ में एक माह पहले मारपीट में घायल हुए 60 वर्षीय बुजुर्ग की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को परिजन शव लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां पोस्टमार्टम के दौरान उन्होंने मारपीट के आरोपी किसान की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कुमार पिता गण्या बड़ोले करीब एक महीने पहले गांव के एक खेत से गोभी का फूल तोड़ रहे थे। इसी दौरान खेत मालिक वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लकड़ी से उनकी पिटाई कर दी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में कुमार के हाथ और कमर में फ्रैक्चर हो गया था।
घायल बुजुर्ग का जिला अस्पताल के साथ इंदौर में भी उपचार कराया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन उन्हें घर ले आए थे। पिछले 15 दिनों से वे घायल अवस्था में घर पर ही थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन
बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों ने आरोपी किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पोस्टमार्टम के दौरान उन्होंने हंगामा भी किया। परिजनों का कहना था कि मारपीट करने वाले आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होने के बाद ही वे आगे की प्रक्रिया के लिए सहमत होंगे। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए।