मंदसौर। शहर के समीप मुल्तानपुरा में शुक्रवार देर शाम नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकले 30 वर्षीय युवक पर फायरिंग कर दी गई। गोली युवक के बाएं कंधे के ऊपर लगी और अंदर ही फंस गई। गंभीर हालत में परिजन उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इमरजेंसी वार्ड में उसका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार घायल की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।
घायल की पहचान रईस पिता बाबू कोड़ा (30), निवासी मुल्तानपुरा के रूप में हुई है। रईस बस में क्लीनर का काम करता है। परिजनों का आरोप है कि साबिर हड्डी ने रईस को पकड़ लिया, जबकि सादिक पिता रसीद हाजी ने उस पर गोली चला दी। वारदात में अकबर हाजी सहित करीब छह लोगों के शामिल होने की बात भी सामने आई है।
पत्नी से छेड़छाड़ को लेकर चल रहा था विवाद-
रईस के भाई सद्दाम के अनुसार, सादिक ने पहले उसकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। परिजनों ने इसी रंजिश के चलते रईस पर हमला किए जाने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी जितेंद्र भास्कर, यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय और सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित-
सीएसपी ने बताया कि मुल्तानपुरा वायडी नगर थाना क्षेत्र में आता है। रईस नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकल रहा था, तभी सादिक नामक व्यक्ति ने उस पर फायरिंग की। गोली उसके बाएं कंधे के ऊपर लगी है और फिलहाल अंदर फंसी हुई है। घायल की हालत खतरे से बाहर है और जिला अस्पताल में उपचार जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। मामले की जांच जारी है।