BIG NEWS : मंगलवाड़ पुलिस का बड़ा एक्शन, डूंगला रोड पर पुलिस ने घेराबंदी कर दिया कार्रवाई को अंजाम, अफीम और पिस्टल के साथ हत्थे चढ़े तीन तस्कर, अब रहेंगे सलाखों के पीछे, पढ़े रेखा खाबिया की खबर 

June 6, 2026, 7:10 pm




चित्तौड़गढ़। जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत मंगलवाड़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 89.24 ग्राम अवैध अफीम, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा परिवहन में प्रयुक्त कार जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एएसपी मुकुल शर्मा एवं डीएसपी देशराज कुलदीप के सुपरविजन में शुक्रवार को मंगलवाड़ थाना प्रभारी एसआई गोकुललाल डांगी पुलिस दल के साथ गश्त पर थे। गश्त के दौरान डूंगला रोड स्थित मंगलवाड़ तालाब के पास एक नीले रंग की मारुति सुजुकी कार संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी। पुलिस वाहन को देखकर कार चालक ने वाहन को मिर्चाखेड़ी मार्ग की ओर मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राकेश कुमार गोदारा निवासी जालौर, सहयात्री हितेश सालवी निवासी भदेसर तथा भोमाराम जाट निवासी बालोतरा होना बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को 89.24 ग्राम अवैध अफीम, एक देशी पिस्टल एवं एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर अफीम, हथियार तथा कार जब्त कर ली। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में एसआई गोकुललाल डांगी, एएसआई प्रेमनाथ, कांस्टेबल राकेश, गजेंद्र सिंह, रोशनलाल, अविनाश एवं भैरूलाल शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन 94604-25643 पर दें।

संबंधित समाचार

VOICE OF MP