नीमच। एनसीसी के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष पर नीमच एनसीसी कैडेट्स की नीमच से भोपाल साइकिल रैली को आज मनासा नाका स्थित शहीद पार्क से जिला पंचायत सीईओ गुरु प्रसाद, भाजपा जिला अध्यक्ष पवन पाटीदार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी एवं एनसीसी के अधिकारी मौजूद रहे।
बताते चलें कि एनसीसी के 75 वें स्थापना वर्ष के अवसर पर एनसीसी डायरेक्टरेट द्वारा साइकिल रैली का आयोजन रखा गया है। मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले से 19 तारीख को यह रैली प्रारंभ होकर 7 दिन में 25 तारीख को भोपाल पहुंचेगी। नीमच से भी 15 एनसीसी कैडेट्स साइकिल रैली पर रवाना हुए है। 25 तारीख को भोपाल में एनसीसी का 75 वां स्थापना दिवस अमृत महोत्सव मनेगा। जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। पूरे रास्ते में कैडेट्स साइकिल रैली के माध्यम से देश भक्ति, एकता और अखंडता का संदेश फैलाएंगे। नीमच में इस रैली के प्रारंभ कार्यक्रम को पूर्व सैनिक संगठन के बैनर तले आयोजित किया गया।
उल्लेखनीय है कि आजादी के आंदोलन की दूसरी गोली 1857 में नीमच स्थित इसी शहीद पार्क में चली थी। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों द्वारा शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पश्चात सहित पार्क में वृक्षारोपण किया गया। साइकिल रैली के साथ पूर्व सैनिक संगठन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य लोगों ने जेतपुरा से भाटखेड़ा तक 5 किलोमीटर रनिंग भी की।
कार्यक्रम में विनीत सिंह, कन्नौज खां, आरसी बोरीवाल, विनीत सेठिया, रियाज खान, सुनील कीलोरिया, प्रेम सिंह चौहान, कमलेश नलवाया, छतर सिंह गहलोत, डॉ स्वप्निल वधवा, वीरेंद्र सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।