नीमच। जनजाति बाहुल्य ग्राम खातीखेड़ा में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थी हरिराम के नव-निर्मित आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को मिल रहे लाभों की जानकारी ली।
लाभार्थी से की आत्मीय चर्चा-
कलेक्टर चंद्रा ने लाभार्थी हरिराम एवं उनके परिवारजनों से आत्मीय संवाद कर आवास निर्माण की गुणवत्ता, प्राप्त किस्तों और योजना से हुए लाभ के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने परिवार को पक्के आवास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि हर पात्र परिवार के सिर पर पक्की छत हो और जिला प्रशासन योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों ने भी किया निरीक्षण-
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवास निर्माण कार्य का अवलोकन कर गुणवत्ता की सराहना की। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में तथा गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र प्राप्त हो सके।