छतरपुर। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल आकाशवाणी तिराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक बनने वाले जवाहर मार्ग के डामरीकरण कार्य पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, डामर की आपूर्ति में व्यवधान के कारण यह परियोजना अटक गई है। बताया जा रहा है कि मथुरा स्थित इंडियन ऑयल रिफाइनरी से डामर सप्लाई प्रभावित हुई है, जिसका कारण पश्चिम एशिया में जारी तनाव और अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी तथा सप्लाई चेन में आई बाधाएं हैं।
लोक निर्माण विभाग के ईई आशीष भारती के अनुसार, जैसे ही डामर की आपूर्ति सामान्य होगी, जवाहर मार्ग सहित अन्य सड़कों का कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना के तहत चौबे तिराहे से ट्रांसपोर्ट नगर तक लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से डामरीकरण किया जाना है।
फिलहाल स्थिति यह है कि यह काम अब बारिश के बाद ही शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, शहर का यह प्रमुख मार्ग पहले से ही जर्जर हालत में है और जगह-जगह गड्ढों के कारण वाहन चालकों को लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है।