माउंट आबू। भारत स्काउट एवं गाइड में राष्ट्रपति पुरस्कार को सर्वाेच्च सम्मान माना जाता है। इस प्रतिष्ठित पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए राज्यपाल अवार्ड हासिल करने वाले स्काउट्स को विशेष प्रशिक्षण दिया जाता है। राजस्थान के माउंट आबू स्थित भारत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण केंद्र में ऐसे ही 210 स्काउट्स का पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है, जहां उन्हें राष्ट्रपति अवार्ड के लिए तैयार किया जा रहा है।
राजस्थान के माउंट आबू स्थित भारत स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण केंद्र में राष्ट्रपति पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर का आज चौथा दिन रहा। गत रविवार से शुरू हुए इस पांच दिवसीय शिविर में राजस्थान के सभी जिलों से राज्यपाल अवार्ड प्राप्त कर चुके 210 स्काउट्स भाग ले रहे हैं।
शिविर में प्रतिभागियों को राष्ट्रपति पुरस्कार की विभिन्न परीक्षाओं, गतिविधियों और आवश्यक मानकों के संबंध में गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण का संचालन भारत स्काउट एवं गाइड राजस्थान के राज्य सहायक संगठन आयुक्त विनोद दत्त जोशी तथा उनके चयनित प्रशिक्षकों द्वारा किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार राज्यपाल अवार्ड प्राप्त करने के बाद ही स्काउट्स को राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए पात्र माना जाता है। इस प्रशिक्षण के उपरांत प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं से गुजरना होगा। इन परीक्षाओं में सफल होने वाले स्काउट्स को भारत के राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
राज्य सहायक संगठन आयुक्त विनोद दत्त जोशी ने बताया कि इससे पहले राज्यपाल अवार्ड प्राप्त गाइड बालिकाओं को भी इसी प्रकार का प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य स्काउट्स में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता को और अधिक सशक्त बनाना है।
आज के कार्यक्रम में माउंट आबू की उप जिला कलेक्टर एवं नगर पालिका प्रशासक डॉ. अंशु प्रिया भी उपस्थित रहीं और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
राष्ट्रपति पुरस्कार की दिशा में यह प्रशिक्षण शिविर स्काउट्स के लिए महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो रहा है। पांच दिनों के इस विशेष प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर की चुनौतियों के लिए तैयार होंगे और सफल होने पर देश के सर्वाेच्च स्काउट सम्मान से सम्मानित किए जाएंगे।