शामगढ़/गरोठ। भारतीय वायु सेना के एक्स ग्रुप में चयनित होकर शामगढ़ सहित पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित करने वाली होनहार बेटी चांदनी कुंवर देवड़ा का गुरुवार को शामगढ़ थाना परिसर में सम्मान किया गया। इस अवसर को विशेष बनाने का श्रेय थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय को जाता है, जिन्होंने स्वयं पहल करते हुए चांदनी एवं उनके पिता, पूर्व सैनिक श्रवण सिंह देवड़ा को थाना परिसर में आमंत्रित कर सम्मानित किया।
आज जब पुलिस की भूमिका केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहकर समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा देने तक पहुंच रही है, ऐसे में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की यह पहल समाज और पुलिस के बीच बेहतर संबंधों का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आई है। उन्होंने एक बेटी की उपलब्धि का सम्मान कर न केवल उसका उत्साहवर्धन किया, बल्कि क्षेत्र की अन्य बेटियों और युवाओं को भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का संदेश दिया।
थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय ने कहा कि चांदनी की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। भारतीय वायु सेना में उनका चयन यह साबित करता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं का सम्मान समाज का दायित्व है, जिससे अन्य युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है।
इस अवसर पर रॉयल एकेडमी शामगढ़ के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने विभिन्न सैन्य सेवाओं एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता अर्जित कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। थाना प्रभारी ने सभी युवाओं को राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। क्षेत्रवासियों का कहना था कि पुलिस द्वारा प्रतिभाओं को सम्मानित करने की ऐसी पहल युवाओं में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा करती है। वहीं चांदनी कुंवर देवड़ा की सफलता ने पूरे क्षेत्र में खुशी, गर्व और प्रेरणा का वातावरण निर्मित कर दिया है।