मनासा। थाना क्षेत्र के ग्राम जुगमिया रावजी में एक मकान में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। अज्ञात चोर घर से नकदी एवं सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पीड़ित ने मनासा थाने में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम जुगमिया रावजी निवासी बालमुकुंद पिता दुर्गाशंकर पुरोहित 2 जून को अपने खेत पर कार्य करने गए थे। घर पर उनकी पत्नी मौजूद थीं। अगले दिन सुबह करीब 6 बजे उनकी पुत्री ने कमरे का सामान बिखरा हुआ देखा और इसकी जानकारी परिवारजनों को दी।
परिजनों ने घर की जांच की तो कमरे में रखा सामान अस्त-व्यस्त मिला। पीड़ित के अनुसार कमरे से लगभग 40 हजार रुपये नकद, चांदी की दो जोड़ी पायजेब, एक चांदी का टिक्का, सोने की एक जोड़ी टॉप्स तथा एक पेटी हार गायब मिला।
पीड़ित ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य मकान की ऊपरी मंजिल पर बने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर मकान के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पंचायत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। चोरी की घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने एवं चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात-
उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व ग्राम भाटखेड़ी में भी प्रकाश धनगर के घर में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नगदी राशि एवं करीब दो क्विंटल पोस्तादाना चोरी कर लिया था। उस मामले में भी पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।