नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नयाखेड़ा निवासी एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मृतक की पहचान परसराम पाटीदार (50) पिता सुखलाल पाटीदार निवासी नयाखेड़ा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परसराम पाटीदार मोटरसाइकिल से मल्हारगढ़ से अपने गांव नयाखेड़ा लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के बाहर बालाजी मंदिर के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। गुरुवार को कैंट थाना पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।