नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुवाखेड़ा निवासी एक 30 वर्षीय युवक की सल्फास सेवन के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से परिवार एवं गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुवाखेड़ा निवासी श्यामलाल डांगी (30) पिता बापूलाल डांगी ने बुधवार को अपने घर पर जहरीले पदार्थ सल्फास का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां बुधवार सुबह करीब 11.30 बजे भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान गुरुवार सुबह करीब 10.45 बजे श्यामलाल की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया तथा शव परिजनों को सौंप दिया।
बताया जा रहा है कि श्यामलाल महाराष्ट्र में भेलपुरी का व्यवसाय कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह कुछ दिनों पूर्व परिवार में आयोजित एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने गांव आया था। मृतक अपने पीछे पत्नी एवं दो बच्चों को छोड़ गया है। युवक की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल सल्फास सेवन के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।