कंजार्डा। कंजार्डा-मनासा मार्ग पर पर्याप्त बस सुविधा नहीं होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि परिवहन विभाग की उदासीनता के कारण इस मार्ग पर जर्जर एवं खटारा बसों का संचालन किया जा रहा है, जबकि कई परमिटधारी बसें लंबे समय से बंद पड़ी हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार अधिकांश बसें एक ही संचालक से संबंधित हैं, जिसके कारण प्रतिस्पर्धा का अभाव है और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा नहीं मिल पा रही है। वर्तमान में संचालित बसों की स्थिति भी खराब बताई जा रही है। आए दिन बसों के बीच रास्ते में खराब हो जाने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि रतनगढ़ से सुबह 10 बजे आने वाली बस भी पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी है, जिससे विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों एवं अन्य यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी के मौसम में बसों की कमी के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। यात्रियों का कहना है कि एक ओर ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देने की बात की जाती है, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त बस सेवाएं उपलब्ध नहीं हैं।
क्षेत्रवासियों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि मार्ग पर संचालित जर्जर बसों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा बंद पड़े परमिटों की समीक्षा कर अन्य योग्य बस संचालकों को परमिट जारी किए जाएं, ताकि यात्रियों को नियमित एवं सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके।