नीमच। नगर पालिका नीमच में आज उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जब पूर्व रिटायर्ड ओएस राजेंद्र जैन वर्तमान कर्मचारी और अधिकारियों की कुर्सी पर बैठकर कार्य करते हुए दिखाई दिए। जिसे लेकर कांग्रेसी पार्षद बिफर पड़े।
पार्षद योगेश प्रजापत ने आरोप लगाया कि आए दिन पुर्व ओएस राजेंद्र जैन नगरपालिका की कर्मचारियों की कुर्सी पर बैठकर परिषद के कार्यों में हस्तक्षेप करते हैं और नगरपालिका अध्यक्ष तथा कर्मचारी और अधिकारी को सलाह मशवरा देकर मार्गदर्शन व निर्देशित करते हुए देखे जा सकते हैं। मीडिया कर्मी जैसे ही नगर पालिका पहुंचे राजेंद्र जैन वहां से निकलने लगे। मीडिया के सवाल पूछने पर राजेंद्र जैन ने कहा कि वे अपने कार्यों के लिए नगर पालिका आते हैं।
कांग्रेसी पार्षदों ने इस बारे में राजेंद्र जैन की शिकायत सीएमओ गरिमा पाटीदार से भी की। जिस पर गरिमा पाटीदार ने कहा कि वे इसकी जांच कराएंगे। यदि नगरपालिका के कार्यों में पुर्व ओएस राजेंद्र जैन दखलअंदाजी करते हैं तो यह नियम विरुद्ध होने के साथ-साथ वर्तमान परिषद के हित में भी नहीं है।