नीमच। म.प्र.राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीमच के अध्यक्ष सुशांत हुद्दार के मार्गदर्शन में मंगलवार को प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय नीमच अखिलेश कुमार मिश्र द्वारा रेडक्रास द्वारा संचालित वृद्धाश्रम एवं मूकबधिर बालिकाओं के विद्यालय का निरीक्षण किया। इस मौके पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया। शिविर में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय नीमच अखिलेश कुमार मिश्र द्वारा उपस्थित वरिष्ठजनों को वृद्धजन संबंधी कानूनी जानकारी देते हुए, वृद्वजन के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय कुुमार सोनकर द्वारा वृद्धजनों एवं मूकबधिर बालिकाओं से वार्तालाप कर, उनकी समस्याओं को सुना एवं संबंधितों को वृद्धाश्रम की साफ-सफाई एवं पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। उक्त शिविर के पश्चात सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा मूकबधिर बालिकाओं के विद्यालय का निरीक्षण कर, विद्यालय संचालन के विषय में जानकारी ली। इस अवसर पर रेडक्रास द्वारा संचालित वृद्धाश्रम एवं मूकबधिर बालिकाओ के विद्यालय के कर्मचारीगण उमेश चौहान, खुमान कुंवर भारद्वाज एवं सुनील तिवारी उपस्थित थे।