नीमच। भारत सरकार ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जेण्डर आधारित हिंसा को समाप्त करने के लिए इस वर्ष से राष्ट्रीय अभियान की शुरुआत की गई है। महिलाओं के खिलाफ हिंसा उन्मूलन अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर कलेक्टर मयंक अग्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ गुरुप्रसाद के मार्गदर्शन में महिलाओं के विरुद्ध लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम के संबंध में ग्रामीण विकास विभाग के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जनपद पंचायत नीमच, जावद, मनासा में आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने ‘’लिंग आधारित हिंसा को रोकने के संबंध में‘चेतना’ पहल के तहत जागरुकता कार्यक्रम’’में 12000 महिलाओं ने सहभागिता कर अपना योगदान दिया और लैंगिक भेदभाव एवं हिंसा जैसे मुद्दों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत, ग्राम संगठन, संकुल स्तरीय संगठन में कई प्रकार की जागरुकता आधारित गतिविधियां की गई।
कार्यक्रम में ग्राम सभा का आयोजन, जेडर आधारित हिंसा पर जागरूकता के लिए रैली, कैडल मार्च, जेंडर समानता, पंचायती राज संस्थाओं द्वारा जेडर आधारित हिंसा की समाप्ति हेतु भूमिका को लेकर जागरूकता अभियान, सभी मजदूर वर्ग के साथ जागरूकता, फिल्म प्रदर्शन, शपथ ग्रहण, आईईसी गतिविधियों में पोस्टर, पेम्पलेट वितरण, रैली आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह जानकारी डीपीएम शम्भू मईड़ा द्वारा दी गई।