खण्डवा। आदिवासी उद्यमिता प्रशिक्षण क्षमता विकास केन्द्र वन ग्राम आंवलिया में बुधवार को आयोजित प्राथमिक लघु वनोपज समितियों के प्रबंधकों की एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यशाला का शुभारंभ वन मंत्री डॉ कुंवर विजय शाह ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए वन मंत्री डॉ शाह ने कहा कि तेंदूपत्ता तोड़ने वाले संग्राहकों के लिए कैसे उनके जीवन में रोशनी लाएं इसके लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता तोड़ने वाले संग्राहकों के बच्चे कुपोषित है और आंगनवाड़ी में पढ़ रहे है तो उनके लिए 6-6 महीने की राशि एवं खाद्यान्न दिया जा रहा है, जिससे उनका बच्चा कुपोषण से मुक्त हो सके। तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों का कुपोषण दूर करने के लिए महुआ का च्यवनप्राश बनाया जायेगा। उन्होंने कहा है कि आगामी दिनों में खालवा ब्लॉक के तेंदूपत्ता संग्राहकों के कुपोषित बच्चों को 10 ग्राम शहद एवं 15 ग्राम च्यवनप्राश दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता प्रबंधकों के जिन व्यक्ति की मृत्यु हो गई है उनके परिवार वालों को 6 लाख रूपये दिये जायेंगे। साथ ही 1071 तेंदूपत्ता प्रबंधकों के लिए 5-5 लाख रूपये के कार्यालय बनाये जायेंगे। तेंदूपत्ता सग्राहकों का मासिक मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 13 हजार रूपये आगामी 1 अप्रैल से कर दिया जायेगा। साथ ही उन्होंने प्रबंधकों का कार्यालय व्यय बढ़ाकर 3 हजार रूपये करने की घोषणा की।
कार्यशाला में वन मंत्री डॉ शाह ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के परिजनों के प्रशिक्षण एवं क्षमता वर्धन हेतु 3 करोड़ रूपये के प्रशिक्षण केन्द्र बनाने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं बनाई जा रही है। इस दौरान प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत खालवा ब्लॉक के चिन्हित 10 टीबी मरीजों को वन मंत्री डॉ शाह ने पोषण आहार वितरित किया। वन मंत्री डॉ शाह ने आदिवासी उद्यमिता प्रशिक्षण क्षमता विकास केन्द्र वन ग्राम आंवलिया के परिसर में पौधरोपण भी किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष कंचन बाई तनवे, पूर्व महापौर खण्डवा भावना शाह, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख मप्र रमेश कुमार गुप्ता, प्रबंध संचालक मप्र लघुवनोपज संघ पुष्कर सिंह, अपर प्रबंध संचालक मप्र लघुवनोपज संघ दिलीप कुमार एवं अपर प्रबंध संचालक मप्र लघुवनोपज संघ विभाष ठाकुर, वन संरक्षक आरपी राय, वन मण्डलाधिकारी देवांशु शेखर, बीएमओ खालवा डॉ शैलेन्द्र कटारिया सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद थे।