भोपाल। संभाग आयुक्त मालसिंह भयडिया ने एक मई से प्रस्तावित चिकित्सा महासंघ की हड़ताल के दृष्टिगत गांधी मेडिकल कालेज, अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय विदिशा और हमीदिया चिकित्सालय के डॉक्टर्स की रविवार को बैठक लेकर चिकित्सा सेवाओं की समीक्षा कर स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल रखने के डॉक्टर्स को निर्देश दिए।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल से सम्बंधित अस्पतालों एवं अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय विदिशा से सम्बद्ध अस्पताल में भर्ती मरीज़ों को इस हड़ताल के दौरान असुविधा न हो एवं उचित उपचार मुहैया हो सके इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करे। उन्होंने वर्तमान में अस्पताल में कितने मरीज़ भर्ती हैं और उसमें से कितने मरीज गंभीर हैं इनकी जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि भोपाल एवं विदिशा में उपलब्ध अन्य चिकित्सा संस्थान जहाँ से चिकित्सकों को बुलाकर चिकित्सा सेवाएं मुहैया की जा सकती है अथवा उन चिकित्सा संस्थाओं में शासकीय अस्पताल के मरीज़ों को सिफ्ट किया जा सकता है इस हेतु पूर्ण प्लान तैयार करे।
कमिश्नर ने आयुष विभाग के सभी चिकित्सालयों के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके चिकित्सालय में भर्ती मरीजों के उपचार की आवश्यकता के अलावा अन्य चिकित्सकों को हमीदिया चिकित्सालय में भेजे जाने हेतु उनकी सूची को तत्काल अधीष्ठाता गांधी चिकित्सा महाविद्यालय भोपाल को प्रेषित करें। हड़ताल अवधि के दौरान महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में उचित सुरक्षा व्यवस्था बनाने हेतु कमिशनर पुलिस को पत्र भेजने संबंधी दिशा निर्देश भी दिये गये। उन्होंने आवश्यकता पढ़ने पर अस्पताल से मरीज़ों को अन्य चिकित्सा संस्थानों में भेजे जाने हेतु एम्बूलेंस की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों की शिफ्टिंग में इस्तेमाल होने वाली 108 एम्बूलेंस के पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित करने के लिए भी कहा है।