ब्यावर। जिले में प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण और लोकमंगल की कामना के लिए बुधवार को विशेष पूजा-अर्चना एवं मंगलकामना कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला मुख्यालय सहित सभी उपखंडों पर हुए इन आयोजनों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
जिला स्तरीय कार्यक्रम ब्यावर के आशापुरा माता मंदिर में संपन्न हुआ। इसमें विधायक शंकर सिंह रावत, जिला कलक्टर कमल राम मीना, पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, पूर्व सभापति नरेश कनोजिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट और अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. गोपाल लाल मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख और समृद्धि की कामना की।
जिले के विभिन्न उपखंडों में भी ऐसे ही धार्मिक कार्यक्रम आयोजित हुए। ब्यावर के सुभाष उद्यान स्थित शिव मंदिर, मसूदा के अखाड़े वाले बालाजी मंदिर, जैतारण के बांगड़ा बालाजी मंदिर, रायपुर के गणेश मंदिर, बदनोर के आंजन धाम मंदिर और टॉडगढ़ के दूधालेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास, सामाजिक समरसता और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।
उपखंड स्तरीय कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखी गई। जैतारण में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत और मसूदा में विधायक वीरेन्द्र सिंह कानावत ने पूजा-अर्चना में भाग लेकर प्रदेश की खुशहाली और लोकमंगल की कामना की।
श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुए इन कार्यक्रमों में प्रदेश की निरंतर प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए सामूहिक रूप से प्रार्थनाएं की गईं।