माउंट आबू। सनसेट रोड स्थित कमला नेहरू पार्क में स्थित विंडर मेयर लेक के विकास एवं संरक्षण कार्य के लिए केंद्र सरकार की अमृत 2.0 योजना के तहत 4 करोड़ 3 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस परियोजना के तहत झील को जल संरक्षण के साथ-साथ एक नए पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस कार्य का शिलान्यास समारोह आज माउंट आबू में आयोजित किया गया, जिसमें पिंडवाड़ा-आबू विधायक समाराम गरासिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नगर पालिका प्रशासक एवं उप जिला कलेक्टर डॉ. अंशु प्रिया, नगर पालिका आयुक्त रामकुमार मेहता, भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक समाराम गरासिया ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार माउंट आबू के विकास के लिए लगातार नई योजनाएं स्वीकृत कर रही है। उन्होंने बताया कि यह योजना क्षेत्र के विकास की पांचवीं महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों को लाभ होगा।
नगर पालिका आयुक्त रामकुमार मेहता ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद माउंट आबू में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।