नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम नेवड़ में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष की भंवरीबाई प्रजापत ने आरोप लगाया कि मंगलवार शाम वह अपने खेत पर काम कर रही थीं। इसी दौरान अनिल और राजेश सिंधी करीब 50 लोगों के साथ वहां पहुंचे और जमीन पर जबरन खंभे गाड़कर बाउंड्री बनाने लगे। विरोध करने पर उनके तथा उनके बेटे योगेश के साथ अभद्रता और मारपीट की गई तथा मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी वहां से चले गए।
वहीं दूसरे पक्ष के राजेश कुमार सिंधी ने शिकायत में बताया कि ग्राम नेवड़ स्थित उनकी भूमि पर पड़ोसी द्वारा अवैध कब्जा किया गया था, जिसे प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत पटवारी और आरआई की मौजूदगी में हटाया गया था। उनका आरोप है कि जमीन पर पत्थर गढ़ी का कार्य करते समय गोवर्धन और योगेश प्रजापत ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर हमला किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
राजेश सिंधी ने यह भी आरोप लगाया कि डायल-112 पुलिस की मौजूदगी में उन्हें झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
नीमच सिटी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।