नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की संवेदनशील पहल पर गंभीर बीमारी से पीड़ित एक बालिका के उपचार के लिए भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
ग्राम कनावटी के प्रतापनगर निवासी किशनलाल गाड़िया लोहार ने कलेक्टर को आवेदन देकर बताया था कि उनकी पोती संजना, पिता मोहन गाड़िया लोहार, पिछले डेढ़ माह से उदयपुर स्थित पैसिफिक मेडिकल कॉलेज में गंभीर अवस्था में उपचाररत है। परिवार आर्थिक तंगी के बावजूद कर्ज लेकर इलाज करवा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर चंद्रा ने त्वरित सहायता के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, नीमच द्वारा बालिका के उपचार हेतु एक लाख रुपये का सहायता चेक जारी किया गया।
रेडक्रॉस शाखा नीमच की प्रभारी अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि जिला प्रशासन गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद परिवारों को रेडक्रॉस एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।