खरगोन। ग्राम खेड़ी खानपुर एवं मगरिया के किसानों ने सिंचाई संकट को लेकर कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तत्काल राहत की मांग की है। किसानों ने बताया कि मेहरजा स्थित गायत्री मंदिर के पास बनी नहर (वाल) से वर्षों से सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाता रहा है, जिससे क्षेत्र की कृषि व्यवस्था संचालित होती रही है।
किसानों के अनुसार इस वर्ष भी उक्त नहर से दो बार सिंचाई के लिए पानी दिया गया था, जिसके भरोसे उन्होंने अपने खेतों में कपास, मिर्च और मक्का जैसी फसलें बोई थीं। लेकिन बाद में एनवीडीए द्वारा नहर को बंद कर दिए जाने से फसलें पानी के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
किसानों का कहना है कि इस संबंध में कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से निवेदन किया गया, लेकिन अब तक नहर को पुनः चालू नहीं किया गया है। यदि शीघ्र पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
किसानों ने कलेक्टर से तत्काल हस्तक्षेप कर नहर से सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।