प्रतापगढ़। कृषि पर्यवेक्षक संयुक्त समन्वय समिति, राजस्थान के आह्वान पर बुधवार को जिले के उप जिला कृषि कार्यालय परिसर में कृषि कार्मिकों ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान विभिन्न मांगों को लेकर राज्य सरकार के नाम सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कृषि कार्मिकों ने कृषि मैपर ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं के समाधान एवं उसके सरलीकरण की मांग की। उनका कहना था कि वर्तमान स्वरूप में ऐप पर प्रभावी ढंग से कार्य करना कठिन हो रहा है। इसके साथ ही एफपीओ, कृषि सखी, सीआरपी एवं एलआरपी को सौंपे गए कार्यों पर आपत्ति जताते हुए सभी विभागीय कार्य कृषि कार्मिकों से करवाने तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की गई।
कर्मचारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं की अनुदान राशि समय पर उपलब्ध कराने, विभागीय कार्यों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने तथा अवकाश के दिनों में कार्य लेने पर नियमानुसार क्षतिपूर्ति अवकाश प्रदान करने की मांग भी रखी। इसके अलावा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत फसल कटाई प्रयोगों का लंबित मानदेय भुगतान शीघ्र कराने की मांग की गई।
धरने के दौरान ष्हरियालो राजस्थानष् अभियान के तहत पौधारोपण कार्यों के लिए पर्याप्त बजट, परिवहन व्यय एवं गड्ढों की खुदाई हेतु राशि उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।
समिति पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।