खरगोन। जिले के टेमला, बेहरामपुर, सगूर, भगूर, ललनी, टेमरनी और लाखी गांवों में भीषण पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है। पिछले लगभग 15 दिनों से वेदा नदी पूरी तरह सूख जाने के कारण ग्रामीणों और मवेशियों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बुधवार को प्रभावित सातों गांवों के ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल राहत की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इन गांवों की पेयजल और पशुओं की पानी की पूरी व्यवस्था वेदा नदी पर ही निर्भर है, लेकिन नदी के सूख जाने से स्थिति बेहद खराब हो गई है।
पानी की किल्लत से जनजीवन प्रभावित
गांवों में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान हैं। वहीं मवेशियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, हालात और अधिक गंभीर होते जा रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वेदा नदी में अपर वेदा बांध या BR-02 लिफ्ट सिस्टम के माध्यम से तत्काल पानी छोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र में राहत मिल सके।