मंदसौर। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने भावगढ़ थाने में पदस्थ दो आरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पुलिसकर्मियों पर ढाबा संचालक के साथ कथित मारपीट, तोड़फोड़ और दबाव बनाने के आरोप लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया एवं अन्य स्रोतों से मिली शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 9-10 जून की दरमियानी रात राजस्थान सीमा से लगे नांदवेल स्थित मातेश्वरी ढाबे पर आरक्षक दशरथ धनगर एवं धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा ढाबा संचालक के साथ मारपीट की गई। साथ ही ढाबे में तोड़फोड़ कर राजीनामे के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगाए गए।
मामले की प्रारंभिक जांच में दोनों आरक्षकों के विरुद्ध गंभीर कदाचार प्रथम दृष्टया पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर रक्षित केंद्र मंदसौर संबद्ध कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, दुराचार एवं कदाचार किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।